पहलगाम आतंकी हमले के बाद 80% यात्री घटे, रोडवेज विभाग को भारी नुकसान
चंडीगढ़ :- पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले का असर अब दूसरे राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। सोनीपत से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी कमी आ गई है। पहले जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस रूट से यात्रा करते थे, अब उनमें डर का माहौल बन गया है। यात्रियों की संख्या में लगभग 80 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद यात्रियों के मन में डर का माहौल बन गया है, जिससे कटरा जाने वाले यात्रियों की संख्या में करीब 80 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। पहले जहां यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ रहती थी, अब पंजाब के बाद आगे जाने वाले यात्रियों की संख्या बहुत ही कम रह गई है।
रोडवेज को आमदनी में 50 प्रतिशत की कमी
सोनीपत से कटरा के लिए रोडवेज विभाग द्वारा तीन बसें चलाई जा रही हैं, जो दिल्ली होते हुए कटरा तक जाती हैं। पहले इन बसों से विभाग को प्रति चक्कर 75 से 80 हजार रुपए तक की आमदनी होती थी। लेकिन अब यह घटकर मात्र 40 से 45 हजार रुपए तक सिमट गई है। टिकटों की बिक्री में लगभग 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।