चरखी दादरी की बहू दिव्या बनीं IAF की पहली महिला क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर, ससुराल में बाँटे जा रहे है लड्डू
चरखी दादरी :- चरखी दादरी के गांव भागवी की बहू लेफ्टिनेंट कमांडर दिव्या शर्मा ने इतिहास रच दिया है। वह भारतीय नौसेना की पहली महिला क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर बन गई हैं। यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण की एक बड़ी मिसाल है। दिव्या ने यह कठिन ट्रेनिंग भारतीय वायुसेना के फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर्स स्कूल, एयरफोर्स स्टेशन तांबरम (चेन्नई) में पूरी की। इस कोर्स में सेना के तीनों अंगों और तटरक्षक बल के कुल 55 पायलट शामिल थे।
2018 में बनी थीं नौसेना की पायलट
दिव्या शर्मा ने 25 जून 2018 को भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त किया था। वह पहली महिला पायलटों के पहले बैच की सदस्य भी रह चुकी हैं। उन्होंने हैदराबाद, बंगलुरु, कोच्चि और विशाखापत्तनम में भी ट्रेनिंग ली है।
INS उत्क्रोश में डोर्नियर विमान की पायलट
दिव्या वर्तमान में पोर्ट ब्लेयर स्थित INS उत्क्रोश में तैनात हैं। वह INS 318 स्क्वॉड्रन की डोर्नियर एयरक्राफ्ट पायलट हैं। डोर्नियर विमान खास निगरानी रडार से लैस होते हैं।
अब बनाएंगी नए सैन्य पायलट
अब जब दिव्या क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर (QFI) बन गई हैं, तो वे नौसेना के नए पायलटों को ट्रेनिंग देंगी। इससे भारतीय नौसेना की हवाई ताकत को और मजबूती मिलेगी।
दिल्ली की रहने वाली हैं, भागवी गांव की बहू
दिव्या मूल रूप से दिल्ली के मालवीय नगर की रहने वाली हैं। उनकी शादी 24 मई 2021 को चरखी-दादरी के गांव भागवी निवासी लेफ्टिनेंट प्रथम तक्षक से हुई थी। उनकी सफलता से गांव और जिले में गर्व और खुशी की लहर है।