हरियाणा में कर्मचारियों की हुई मौज, हरियाणा सरकार ने बढ़ाया महंगाई भत्ता
चंडीगढ़ :- हरियाणा सरकार ने प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, महंगाई भत्ता (DA) 53% से बढ़ाकर 55% कर दिया गया है। यह संशोधित दरें 1 जनवरी 2025 से लागू मानी जाएंगी, जबकि इसका प्रभाव अप्रैल की सैलरी और पेंशन में दिखेगा। सरकारी आदेश के मुताबिक, जनवरी से मार्च 2025 तक का एरियर मई में दिया जाएगा। इस बढ़ोतरी का फायदा राज्य के लगभग तीन लाख नियमित कर्मचारी और तीन लाख से अधिक पेंशनभोगी उठा सकेंगे। विशेष बात यह है कि महंगाई भत्ते की गणना में यदि भुगतान राशि में 50 पैसे या उससे अधिक बनते हैं तो उसे पूरा एक रुपया माना जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम राशि को नजरअंदाज किया जाएगा।

बुजुर्गों की पेंशन बढ़ोतरी का इंतजार जारी
वहीं दूसरी ओर, प्रदेश के करीब 36 लाख बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारक अब भी पेंशन बढ़ने की प्रतीक्षा में हैं। पिछले वर्षों की परंपरा के अनुसार सरकार हर साल पेंशन में ₹250 की बढ़ोतरी करती रही है, लेकिन इस साल अभी तक कोई घोषणा नहीं हुई है। वर्तमान में इन सभी पेंशनधारकों को ₹3000 मासिक पेंशन मिल रही है।

