Lado Laxmi Yojana: हरियाणा की लाडो को जल्द मिलेगी 2100 की ‘लक्ष्मी’, लास्ट वेरफिकेशन प्रगति पर
चंडीगढ़, Lado Laxmi Yojana :- हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी लाडो लक्ष्मी योजना अब जल्द ही धरातल पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में योजना को लागू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। यह योजना राज्य की महिलाओं को हर महीने ₹2100 का वित्तीय सहयोग देने का वादा करती है। विधानसभा में पेश हुए 2025-26 के बजट में मुख्यमंत्री ने बतौर वित्त मंत्री इस योजना के लिए ₹5,000 करोड़ का प्रावधान किया था। यह योजना भाजपा द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले किए गए वादों में शामिल थी।
किन्हें मिलेगा लाभ?
सरकार फिलहाल दो विकल्पों पर विचार कर रही है:
-
बीपीएल परिवारों की महिलाएं, जिनकी वार्षिक आय ₹1.80 लाख तक है।
-
वे महिलाएं जिनके परिवार की कुल वार्षिक आय ₹3 लाख से कम है।
योजना के तहत 23 से 60 वर्ष की उम्र की महिलाएं पात्र होंगी। हालांकि, बुजुर्ग पेंशन ले रहीं महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
बजट और लाभार्थियों की संख्या
-
बीपीएल लाभार्थी: ~25 लाख महिलाएं → ₹500 करोड़ मासिक व्यय
-
3 लाख तक आय वाले परिवार: ~40 लाख महिलाएं → ₹800 करोड़ मासिक व्यय
तेज रफ्तार से चल रही तैयारी
मुख्यमंत्री कार्यालय योजना की मॉनिटरिंग रोज़ाना कर रहा है। परिवार पहचान पत्र (PPP) से महिलाओं के बैंक खातों को लिंक करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। पंचायत स्तर पर सीपीएलओ इस प्रक्रिया को अंजाम दे रहे हैं और जन्म तिथि सत्यापन का काम भी संभाल रहे हैं।
हरियाणा बनेगा देश का पहला राज्य
मुख्यमंत्री सैनी ने अपने मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और PPP प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला को इस योजना को जल्द लागू करने के सख्त निर्देश दिए हैं। अब तक योजना से जुड़ा लगभग 70% काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य इस माह के अंत तक निपटने की उम्मीद है। हरियाणा, देश का पहला राज्य बन जाएगा जो महिलाओं को ₹2100 की सीधी आर्थिक सहायता देगा। इससे पहले मध्य प्रदेश में ‘लाड़ली बहना योजना’ के तहत महिलाओं को ₹1250 प्रतिमाह मिल रहे हैं।