हिसार के नरेंद्र कुमार ने माउंट अन्नपूर्णा पर लहराया तिरंगा, बने हरियाणा के पहले पर्वतारोही
हिसार :- हिसार जिले के मिंगनी खेड़ा गांव के रहने वाले नरेंद्र कुमार ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने नेपाल में स्थित दुनिया की सबसे खतरनाक और ऊंची पहाड़ियों में से एक माउंट अन्नपूर्णा (8,091 मीटर ऊंची) पर चढ़ाई कर वहां भारत का तिरंगा झंडा फहराया है। नरेंद्र ऐसा करने वाले हरियाणा के पहले पर्वतारोही बन गए हैं। उन्होंने यह चढ़ाई 25 मार्च 2025 को शुरू की थी और 7 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे तिरंगा फहराकर नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने यह मुश्किल काम सिर्फ 12 दिनों में पूरा कर दिखाया।
ये है सपना
माउंट अन्नपूर्णा को खतरनाक इसलिए माना जाता है क्योंकि वहां हर 1-2 घंटे में बर्फ गिरने (हिमस्खलन) का खतरा रहता है, जिससे जान का भी खतरा बना रहता है। नरेंद्र की इस सफलता पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, खेल मंत्री गौरव गौतम और कई अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दी है। नरेंद्र का सपना है कि वह दुनिया की सभी 14 सबसे ऊंची पहाड़ियों पर तिरंगा लहराएं।