हरियाणा में किसानों की पेमेंट फेल, अकाउंट वैरिफिकेशन के बावजूद नहीं मिले गेहूं के पैसे
सोनीपत :- सोनीपत जिले के कई किसानों को मंडियों में गेहूं बेचने के बाद भी अभी तक पेमेंट नहीं मिला है। किसान कृषि विभाग के दफ्तर पहुँचे और अपनी शिकायतें दर्ज करवाईं।
नए किसानों को सबसे ज़्यादा परेशानी
जिन किसानों ने पहली बार “मेरी फसल – मेरा ब्यौरा” पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाया है, उन्हें 72 घंटे में पेमेंट मिलनी थी। लेकिन उनके खातों में अभी तक पैसे नहीं आए हैं। कुछ मामलों में नाम या खाता संख्या गलत होने के कारण पेमेंट फेल हो गई है।
400 से ज्यादा खातों की दोबारा जांच
कृषि विभाग ने किसानों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाई है। पिछले 2 हफ्तों में 400 से ज्यादा खातों को दोबारा चेक किया गया है। करीब दो दर्जन किसानों की शिकायतें चंडीगढ़ भेजी गई हैं।
गलत नाम या खाता संख्या बना पेमेंट फेल होने की वजह
अधिकारियों के अनुसार, अधिकतर पेमेंट फेल होने की वजह खातों में दर्ज नाम या संख्या की गलती है। अब बैंक डिटेल्स दोबारा चेक कर ठीक की जा रही हैं।
कृषि उपनिदेशक का बयान
कृषि उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा ने कहा कि सभी किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। विभाग की टीम लगातार काम कर रही है और हर शिकायत पर ध्यान दिया जा रहा है।