दिल्ली और हरियाणा में भीषण गर्मी का तांडव, 1 और 2 मई को तेज आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश
नई दिल्ली :- दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है। गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के बीच अब मौसम बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली में आंधी और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। आज 30 अप्रैल को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और शाम को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। आज का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 1 और 2 मई को भी राजधानी में आंधी-तूफान और बारिश हो सकती है। इससे तापमान थोड़ा और नीचे आकर 37 डिग्री तक पहुंच जाएगा। इसका असर एनसीआर के क्षेत्रों जैसे गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद में भी दिखेगा।
हरियाणा में भी बदलेगा मौसम का रुख
हरियाणा में भी गर्मी का जोर बना हुआ है, लेकिन आज यानी 30 अप्रैल से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव आ सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि पंचकूला और यमुनानगर में आज तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।वहीं अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल को छोड़कर बाकी जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 1 मई को फिर से पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में बारिश के आसार हैं। इसका असर पूरे राज्य के मौसम पर देखने को मिलेगा और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।