हरियाणा CET पर चेयरमैन की बड़ी जानकारी: 25% प्रश्न होंगे राज्य से जुड़े, सिलेबस रहेगा 12वीं स्तर का
चंडीगढ़ :- हरियाणा सरकार द्वारा ग्रुप C पदों के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) का आयोजन 26 और 27 जुलाई को किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए करीब 13.5 लाख अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। CET परीक्षा में 10+2 स्तर का सिलेबस होगा, जिसमें से 25 प्रतिशत प्रश्न हरियाणा से संबंधित होंगे, जबकि शेष 75 प्रतिशत प्रश्न सामान्य विषयों से पूछे जाएंगे।
परीक्षा पैटर्न और सिलेबस
परीक्षा में हरियाणा के इतिहास, करंट अफेयर्स, साहित्य, भूगोल, पर्यावरण और संस्कृति से जुड़े 25% प्रश्न होंगे।
बाकी 75% प्रश्न सामान्य ज्ञान, लॉजिकल रीजनिंग, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, हिंदी, इंग्लिश और कंप्यूटर ज्ञान से होंगे।
पात्रता:
-
सामान्य वर्ग: न्यूनतम 50% अंक
-
आरक्षित वर्ग: न्यूनतम 40% अंक
CET का स्कोर तीन साल तक मान्य रहेगा।
अध्यक्ष ने यूट्यूब पर दी जानकारी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने यूट्यूब चैनल के ज़रिए छात्रों से संवाद किया और उनके प्रश्नों, शंकाओं व शिकायतों का समाधान किया। उन्होंने बताया कि हर भर्ती में पदों की संख्या से 10 गुना अधिक अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
पेपर एनालिसिस पर अस्थायी रोक
HSSC ने निर्देश जारी किए हैं कि 27 जुलाई को चौथी शिफ्ट के बाद ही कोचिंग संस्थान, यूट्यूबर या विशेषज्ञ पेपर का एनालिसिस या सिलेबस पर चर्चा कर सकेंगे। इससे पहले किसी प्रकार का विश्लेषण सार्वजनिक रूप से करने की मनाही होगी।
फर्जीवाड़े पर कड़ी निगरानी
अध्यक्ष ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा CET पास करवाने का झांसा देकर उम्मीदवारों से संपर्क किया गया है। शिकायत के बाद इन लोगों की जानकारी पुलिस विभाग को भेज दी गई है, और सभी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
सर्टिफिकेट में गलती होगी सुधारने का मौका
HSSC ने स्पष्ट किया है कि अगर किसी परीक्षार्थी के प्रमाण पत्र में कोई त्रुटि है, तो उसे सुधारने का मौका दिया जाएगा। त्रुटि ठीक होने के बाद ही रिजल्ट जारी किया जाएगा।