Haryana Weather: हरियाणा में झमाझम बारिश जारी, आज फिर 21 जिलों में बारिश के आसार
चंडीगढ़ :- हरियाणा में इस बार मानसून पूरे जोर के साथ सक्रिय हो गया है। रविवार रात शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह तक लगातार होती रही। प्रदेश के 16 जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज़्यादा वर्षा चरखी दादरी में 105.5 मिमी और नारनौल में 84.5 मिमी दर्ज की गई है।
किसानों के लिए राहत, आमजन को परेशानी
इस बारिश से धान की खेती करने वाले किसानों को तो फायदा हुआ है, लेकिन शहरों और गांवों में जलभराव की वजह से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं तापमान में भी गिरावट आई है – जो पहले 41 डिग्री सेल्सियस था, अब घटकर 32 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
यमुनानगर में ऑरेंज अलर्ट, 21 जिलों में यलो अलर्ट
मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने यमुनानगर के लिए ऑरेंज अलर्ट और अन्य 21 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
सिरसा में फसल को नुकसान
सिरसा जिले के शेखूपुरिया गांव में बारिश के कारण रजवाहा (नहर) टूट गया, जिससे करीब 50 एकड़ फसल जलमग्न हो गई। इससे किसानों को नुकसान झेलना पड़ा है।
10 जुलाई तक रह सकती है बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 10 जुलाई तक राज्य में रुक-रुक कर बारिश होती रह सकती है। मानसूनी हवाएं तेज़ हो गई हैं और हवा में नमी अधिक होने की वजह से आगामी दिनों में कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है।