Haryana Weather News: हरियाणा में अगले 3 घंटों में बारिश का अलर्ट, 24 जुलाई तक बना रहेगा मौसम सुहावना
चंडीगढ़ :- हरियाणा में सोमवार से एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल और आसपास के इलाकों में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज बारिश भी होने की संभावना है। बीते 24 घंटों में पलवल का तापमान 2 डिग्री बढ़ा है, जबकि अंबाला और महेंद्रगढ़ सबसे गर्म जिले रहे।

3 घंटे में इन इलाकों में बरसात का अलर्ट
चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने सोमवार सुबह 10:30 बजे तक अगले तीन घंटों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया। इंद्री, रादौर, नीलोखेड़ी, थानेसर, गुहला, पिहोवा, शाहाबाद, अंबाला, कालका, बराड़ा, जगाधरी, छछरौली, नारायणगढ़ और पंचकूला में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बरसात के आसार हैं।
25 जुलाई तक मौसम में बदलाव रहेगा
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार, 25 जुलाई तक मौसम में बदलाव जारी रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जिलों में तेज हवाएं और तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है।
21 से 24 जुलाई तक झमाझम के आसार
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 21 से 24 जुलाई तक हरियाणा में लगातार बारिश की संभावना है:
-
21 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में 25 से 75% हिस्सों में बारिश हो सकती है।
वहीं, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात और रेवाड़ी में 50 से 75% हिस्सों में बारिश के आसार हैं। -
हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में 25 से 50% क्षेत्र और सिरसा तथा फतेहाबाद में 25% हिस्सों में बरसात हो सकती है।
22 जुलाई को येलो अलर्ट
22 जुलाई को अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी 50 से 75 प्रतिशत हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
सामान्य से ज्यादा हुई बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार हरियाणा में सामान्य से 29% ज्यादा बारिश हो चुकी है। जहां 20 जुलाई तक औसतन 147.5 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार अब तक 189.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
23 और 24 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।

