हरियाणा में आज भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों का पूर्वानुमान जारी किया
चंडीगढ़ :- हरियाणा में मानसून की बारिश लगातार जारी है और लगभग सभी जिलों में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि इस बरसात से भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है। राज्य में बीते कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 14 जुलाई को पूरे हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, आगामी 16 जुलाई तक मौसम में लगातार बदलाव की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और मेवात जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
क्यों हो रही है लगातार बारिश?
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा सूरतगढ़, भिवानी, अलीगढ़, बांदा, डाल्टागंज, दीघा होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इस ट्रफ के कारण बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाएं राज्य की तरफ बढ़ रही हैं, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है।
क्या कहता है मौसम विभाग?
-
14 से 16 जुलाई तक बारिश जारी रहेगी
-
अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
-
कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और गरज के साथ छींटे भी पड़ सकते हैं
लोगों को सलाह दी गई है कि वे बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और जलभराव वाली जगहों पर सतर्क रहें। किसान भाई भी मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती-किसानी संबंधी कार्य करें।

