हरियाणा के इन जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने आज जारी किया अलर्ट
चंडीगढ़ :- हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मानसून से पहले ही प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले दो दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है और इसके साथ ही मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की उम्मीद है। विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
कहां कितनी हुई बारिश?
मंगलवार को यमुनानगर में 48 मिमी, कुरुक्षेत्र में 57 मिमी और करनाल में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जींद, कैथल और अंबाला में हल्की वर्षा हुई। भारी बारिश के चलते कई शहरों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कुरुक्षेत्र की लगभग 40 कॉलोनियों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
किन जिलों में जारी हुआ अलर्ट?
मौसम विभाग ने हरियाणा के 3 जिलों – पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 11 अन्य जिलों – कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
कब तक रहेगा बारिश का सिलसिला?
IMD के अनुसार राज्य में इस समय प्री-मानसून की बारिश हो रही है और 25 से 26 जून के बीच भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। माना जा रहा है कि इसी के साथ मानसून की आधिकारिक एंट्री भी हरियाणा में हो सकती है।