महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने अमेरिका में पूरे किए 3 लाख ट्रैक्टर की बिक्री, आनंद महिंद्रा ने जताई गर्व की भावना
नई दिल्ली :- भारत की प्रमुख ट्रैक्टर निर्माता कंपनी महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने अमेरिका में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने अमेरिका में 3 लाख ट्रैक्टर बेचने का ऐतिहासिक माइलस्टोन पार कर लिया है। यह उपलब्धि भारतीय तकनीक, मेहनत और गुणवत्ता की ताकत को पूरी दुनिया में दिखाने वाला एक बड़ा उदाहरण बन गई है।
आनंद महिंद्रा ने जताई खुशी, साझा किया 30 साल पुराना सफर
महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने इस मौके पर सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए कंपनी के 30 साल पुराने सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे शुरुआत में अमेरिकी किसान भारतीय ट्रैक्टरों पर संशय जताते थे, लेकिन समय के साथ भरोसा बना और अब महिंद्रा अमेरिका में एक बड़ा नाम बन चुका है।nउन्होंने यह भी साझा किया कि शुरूआती दिनों में एक साथी रिप इवांस पुराने पिकअप ट्रक में ट्रैक्टर लादकर टेक्सास के खेतों में जाया करते थे और किसानों को बताया करते थे – “यह है मजबूत भारतीय ट्रैक्टर!”
महिंद्रा का कहना – ये केवल बिक्री नहीं, भरोसे की कहानियां हैं
कंपनी की ओर से कहा गया कि यह केवल 3 लाख ट्रैक्टरों की बिक्री नहीं है, बल्कि यह 3 लाख किसानों की मेहनत, भरोसे और साथ की कहानियां हैं। हर उस किसान और परिवार का धन्यवाद जिन्होंने महिंद्रा को अपनी जमीन और जीवन में जगह दी।
अमेरिकी बाजार में कैसे बनी भारतीय ब्रांड की पहचान?
महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने 1990 के दशक में अमेरिका में अपने ट्रैक्टर भेजने शुरू किए थे। शुरुआत में यह चुनौती भरा रहा, लेकिन भारतीय इंजीनियरिंग, मजबूत डिज़ाइन और टिकाऊ प्रदर्शन ने किसानों का भरोसा जीता। आज महिंद्रा अमेरिका के सबसे भरोसेमंद ट्रैक्टर ब्रांड्स में शुमार हो गया है।
यह उपलब्धि क्यों है खास?
यह माइलस्टोन भारत के लिए गौरव का क्षण है। यह दिखाता है कि भारतीय उत्पाद वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं। महिंद्रा की यह कामयाबी बताती है कि मेहनत, गुणवत्ता और ग्राहक-केंद्रित सोच के साथ कोई भी ब्रांड दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकता है।