UPI से पैसे भेजने वालो की हुई मौज, अब एक यूपीआई अकाउंट से 6 लोग कर पाएंगे पेमेंट
नई दिल्ली :- डिजिटल पेमेंट को और अधिक सुविधाजनक और स्मार्ट बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) ने अपने लोकप्रिय भीम (BHIM) ऐप में एक नया फीचर जोड़ा है – UPI Circle. इससे पहले यह सुविधा PhonePe द्वारा लॉन्च की गई थी, और अब इसे BHIM ऐप के यूजर्स के लिए भी उपलब्ध करा दिया गया है।
क्या है UPI सर्कल?
UPI सर्कल एक ऐसा इनोवेटिव फीचर है, जिसमें एक UPI अकाउंट होल्डर (मुख्य यूजर) अपने अकाउंट से 5 अन्य लोगों को जोड़ सकता है। ये सभी यूजर्स देश के किसी भी कोने से इस सिंगल अकाउंट का इस्तेमाल कर सकते हैं – शर्त सिर्फ इतनी है कि हर ट्रांजेक्शन को मुख्य यूजर की मंज़ूरी की जरूरत होगी। यानी, पेमेंट तभी पूरा होगा जब अकाउंट होल्डर अपने फोन से UPI पिन डालकर उसे अप्रूव करेगा।
किन लोगों को होगा सबसे ज़्यादा फायदा?
सीनियर सिटिजंस के लिए:
कई बुजुर्ग लोग डिजिटल पेमेंट से डरते हैं या तकनीकी चीज़ों में सहज नहीं होते। ऐसे में यदि उन्हें UPI सर्कल में जोड़ा जाए, तो वह बिना चिंता किए पेमेंट कर सकते हैं – क्योंकि हर पेमेंट की अनुमति उनके बच्चे (मुख्य यूजर) से ली जाएगी।
स्टूडेंट्स के लिए:
मान लीजिए आपका बच्चा दूसरे शहर में पढ़ रहा है और उसके पास अपना खुद का UPI बैलेंस नहीं है। तब आप उसे अपने UPI सर्कल में जोड़ सकते हैं और वह कहीं से भी पेमेंट कर सकेगा – और आप हर ट्रांजेक्शन पर नजर रख पाएंगे।
बिज़नेस यूजर्स के लिए:
व्यापारी अपने स्टाफ को UPI सर्कल में जोड़ सकते हैं, जिससे वह टोल, रिटेलर या वेंडर के भुगतान कर सकें – लेकिन हर बार आपके अप्रूवल से। इससे खर्चों पर कंट्रोल भी रहेगा और काम भी आसान होगा।
कैसे मिलेगा यह फीचर?
यह सुविधा भीम ऐप के लेटेस्ट वर्जन में दी गई है। अगर आप अभी भी पुराने वर्जन का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपको BHIM ऐप को प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से अपडेट करना होगा, तभी आप UPI सर्कल का लाभ ले सकेंगे।
नज़र रखने लायक बातें:
-
सर्कल में एक बार में 6 लोग (मुख्य यूजर सहित) जोड़े जा सकते हैं।
-
ट्रांजेक्शन की अनुमति सिर्फ मुख्य यूजर ही देगा।
-
हर पेमेंट की पूरी हिस्ट्री मुख्य अकाउंट होल्डर के पास रहेगी।
-
यूजर्स किसी भी लोकेशन से इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।