Haryana News: हरियाणा में आज बसों के लिए हो सकती है मारामारी, घर से निकलने से पहले चेक करे पूरी खबर
चंडीगढ़ :- हरियाणा में गुरुवार को बसों की कमी देखने को मिलेगी, क्योंकि फरीदाबाद में भाजपा द्वारा “विभाजन की विभीषिका” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में लोगों के आवागमन के लिए हरियाणा रोडवेज की 472 बसें और 1337 निजी बसें फरीदाबाद भेजी जाएंगी। इन बसों के माध्यम से लगभग 27,200 लोगों को लाने-ले जाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए परिवहन विभाग ने सभी 27 डिपो से 9 से लेकर 80 बसों तक के संचालन की योजना तैयार की है।
हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव टीएल सत्य प्रकाश ने परिवहन निगम के महानिदेशक को पत्र भेजकर बस संचालन का विस्तृत प्लान साझा किया है। इसमें बल्लभगढ़ से सबसे ज्यादा 80 बसें, करनाल से 25 बसें, जबकि पानीपत और कैथल से 20-20 बसों के संचालन की योजना शामिल है। ये सभी बसें संबंधित डिपो से सीधे कार्यक्रम स्थल तक जाएंगी। इस बीच, हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन के राज्य महासचिव सुमेर सिवाच ने कहा कि चाहे बसें किसी भी उद्देश्य के लिए चलाई जाएं, लेकिन चालकों, परिचालकों और अन्य कर्मचारियों के लिए भोजन और ठहरने की उचित व्यवस्था होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकारी आदेशों का पालन करना कर्मचारियों की जिम्मेदारी है, लेकिन उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना भी उतना ही अहम है।