दुधारू पशुओं के लिए कमाल है ये हरा चारा, एक बार लगाने के बाद 5 साल तक होगी कटाई
फरीदाबाद :- फरीदाबाद के सागरपुर गांव के किसान दीपक ने एक खास तरह की खेती शुरू की है, जो किसानों और जानवरों दोनों के लिए फायदेमंद है। दीपक ने “पाईनल ग्रास ज्वार” की खेती शुरू की है। इस फसल को एक बार लगाने के बाद पांच साल तक फिर से बोने की जरूरत नहीं पड़ती। यह फसल साल भर हरा-ताजा चारा देती है, जिसे गाय और भैंस बड़े मजे से खाते हैं।
दीपक की मेहनत की कहानी
दीपक पहले सेना में थे और अब हरियाणा पुलिस में काम कर रहे हैं। इसके साथ ही वे खेती भी कर रहे हैं। उन्होंने अपने खेत के तीन बीघे में पाईनल ग्रास ज्वार उगाया है। इससे उनकी आठ भैंसों का चारा आसानी से निकल जाता है। पहले जहां हर महीने भैंसें एक किला भूसा खा जाती थीं, अब वही भूसा चार महीने तक चलता है। पहले साल भर में 12 किले भूसे की जरूरत होती थी, अब सिर्फ ढाई किले में काम हो जाता है।
पाईनल ग्रास ज्वार के बड़े फायदे
दीपक बताते हैं कि यह ज्वार दूध बढ़ाने के साथ-साथ मुर्गियों के लिए भी फायदेमंद है। उनके पास एक मुर्गी फार्म भी है, जहां इसका इस्तेमाल होता है। इससे दूध की मात्रा और उसकी गुणवत्ता दोनों बेहतर होती है। भैंसें भी इसे बहुत शौक से खाती हैं और स्वस्थ रहती हैं।