कन्याओं को अष्टमी- नवमी के दिन उपहार में भूलकर भी ना दें ये 5 चीजें, हो जाता है बड़ा अपशुगन
नई दिल्ली :- चैत्र नवरात्रि पर रखे नौ दिनों के व्रत का पारण अष्टमी या नवमी के दिन कन्या पूजन करके किया जाता है। इस दौरान व्रत रखने वाला साधक मां दुर्गा के रूप में घर आई कन्याओं को प्रसाद खिलाने के साथ उपहार में कई तरह की चीजें देता है। हालांकि कई बार जाने अनजाने व्यक्ति कुछ ऐसी चीजें कन्या पूजन के दौरान गिफ्ट कर देता है, जिसे भेंट करना अशुभ या अनुचित माना जाता है। आइए जानते हैं कन्या पूजन के दौरान किन चीजों को घर आई कन्याओं को गिफ्ट करने से बचना चाहिए। साथ ही यह भी जानेंगे कि कन्या पूजन पर आप क्या गिफ्ट दे सकते हैं।
कन्या पूजन के दौरान चमड़े से बनी चीजें जैसे बैग, पर्स, बेल्ट या जूते देने से बचें। नवरात्रि में देवी पूजन के दौरान सात्विकता का पालन किया जाता है, और चमड़े की वस्तुएं पशु हिंसा से जुड़ी होती हैं। हिंदू धर्म में धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान काले रंग का उपयोग ज्यादातर अशुभ माना जाता है। ऐसे में कन्या पूजन के दौरान काले कपड़े,चूड़ी या कोई काली वस्तु गिफ्ट करने से बचें।
नवरात्रि की अष्टमी या नवमी पर कन्या पूजन करते समय कभी भी उपहार में कोई नुकीली वस्तु जैसे-चाकू, कैंची या सुई जैसी चीज भेंट न करें। ये सभी चीजें नकारात्मकता, हानि या रिश्तों में दरार का प्रतीक मानी जाती हैं। कन्या पूजन के दौरान गिफ्ट में पुरानी या घिसी-पिटी चीजें देना, असम्मानजनक माना जाता है। गिफ्ट में हमेशा प्यार और भक्ति के साथ नई चीज खरीदकर देनी चाहिए।
कन्या पूजन के दौरान घर आई छोटी बच्चियों को कभी भी उपहार में कोई ऐसी वस्तुएं गिफ्ट ना करें, जिन पर दुख, हिंसा या उत्सव के भाव के विपरीत कोई अलग डिजाइन बना हुआ हो। कन्या पूजन के दौरान उपहार में हमेशा पारंपरिक और शुभ भेंट चुनें। कन्या पूजन के दौरान आप घर आई कन्याओं को नए कपड़े, लाल चुनरी, मिठाइयां, फल, चूड़ियां, पर्स, हेयर क्लिप, पेंसिल, पेन, किताबें जैसी चीजें भेंट कर सकते हैं।