हरियाणा के 19 जिलों में भारी बारिश, आंधी से जगह- जगह गिरे पेड़ रात से बिजली गुल
हिसार :- हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ली है। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली की गड़गड़ाहट देखी जा रही है। हिसार, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, गुरुग्राम, पानीपत, भिवानी, अंबाला, सोनीपत, झज्जर, जींद, पंचकूला, कैथल, महेंद्रगढ़, करनाल, पलवल, नूंह, कुरुक्षेत्र और फरीदाबाद में मौसम बिगड़ा हुआ है।
सड़कों पर आधा फीट तक पानी
फरीदाबाद में NHPC अंडरपास में पानी भरने से एक कार उसमें फंस गई, हालांकि ड्राइवर सुरक्षित बाहर निकल आया। इसके बाद अंडरपास को बंद कर दिया गया और ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से भेजा गया। गुरुग्राम के सेक्टर 56 में तेज आंधी के कारण एक पेड़ टूटकर गाड़ियों पर गिर गया। झज्जर में भी पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि पलवल में बिजली गुल हो गई है। सिरसा के रानियां इलाके में भारी बारिश के कारण सड़कों पर आधा फीट तक पानी भर गया है। वहीं, रोहतक और चरखी दादरी में बादल छाए हुए हैं।
रात करीब 1 बजे बारिश
मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। देर रात करनाल, पानीपत और कैथल में बारिश के साथ ओले भी गिरे थे। सोनीपत में रात करीब 1 बजे बारिश हुई और अब तेज आंधी चल रही है।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, फतेहाबाद और सिरसा में 25 से 50 प्रतिशत बारिश हो सकती है। कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, हिसार, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम सूखा रहने का अनुमान है। 4 मई को भी पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25 से 50 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है, जबकि कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और झज्जर में 25 प्रतिशत बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम सामान्य और सूखा रहने की संभावना है।