हरियाणा में आज खूब बरसेंगे बदरा, तेज आंधी के साथ बारिश का येलो अलर्ट
चंडीगढ़ :- हरियाणा में हाल ही में हुई हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत दी है। बीते दो दिनों में हुई बूंदाबांदी से मौसम ठंडा हो गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रात के तापमान में लगभग 3 डिग्री और दिन के तापमान में करीब 1 डिग्री की कमी देखी गई है। बीते 24 घंटों में 17 जिलों में बारिश हुई, जिनमें करनाल में सबसे ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
आने वाले दिन और भी सुहाने!
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 11 मई तक बारिश की संभावना बनी हुई है। अगले सप्ताह भी अलग-अलग इलाकों में वर्षा हो सकती है, जिससे गर्मी और कम हो सकती है। ठंडक भरे मौसम से लोगों को राहत मिली है और बिजली की मांग में भी गिरावट आई है।
तेज हवाएं और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज प्रदेश में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल को छोड़कर बाकी सभी जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
इसके साथ ही धूल भरी आंधी की चेतावनी भी दी गई है। खासकर 7 मई को उत्तर हरियाणा के जिलों में बारिश हो सकती है। कुल मिलाकर 11 मई तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।